मजदूरों के साथ तानाशाही रवैया अपना रही बीसीसीएल : अभिषेक सिंह
बीसीसीएल के खिलाफ बस्ताकोला के मजदूरों ने बोला हल्ला
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : बस्ताकोला क्षेत्रीय कार्यालय के समीप गुरुवार को मजदूरों ने जमसं बच्चा गुट के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना का नेतृत्व संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन पर मजदूरों के साथ तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
गुड्डू सिंह ने कहा कि पूर्व में मृत एवं गंभीर बीमारी से ग्रसित कर्मियों के आश्रितों को 86 दिनों के अंदर नियोजन देने की मांग की गई थी, जिस पर बीसीसीएल के सीएमडी ने संज्ञान भी लिया था। इसके बावजूद स्थानीय अधिकारी पुराने ढर्रे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने लंबित 18 सूत्री मांगों को अविलंब पूरा करने की मांग की।
धरना के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रबंधन के संरक्षण में आउटसोर्सिंग कार्यों में ओवर रिपोर्टिंग हो रही है और कोयला चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। साथ ही बीसीसीएल कार्यालय में अवैध वसूली और अधिकारियों के सिंडिकेट द्वारा मजदूरों के शोषण का भी मुद्दा उठाया गया।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन जल्द सकारात्मक पहल नहीं करता है, तो मजदूर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और अधिकारियों की घेराबंदी की जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण पाठक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बबलू सिंह ने दिया। मौके पर अक्षय लाल यादव, मुन्ना सिंह, राजीव रंजन राय, जितेंद्र पासवान, सुबोध सिंह, मृणाल कांत सिंह, शिव प्रसाद, उमाशंकर राही, राजू राय, शंकर महतो, राकेश सिंह और रमेश राम सहित कई मजदूर उपस्थित थे।