महिला सशक्तिकरण की दिशा में रोटरी क्लब का महत्वपूर्ण कदम
बस्ताकोला में आरसीडीसी सहेली सेंटर का किया शुभारंभ
डीजे न्यूज, धनबाद: महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोटरी क्लब धनबाद सेंट्रल ने रविवार को बस्ताकोला, में आरसीडीसी सहेली सेंटर का शुभारंभ किया।
इस केंद्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दो पूर्णतः सुसज्जित सिलाई प्रशिक्षण कार्यस्थल स्थापित किए गए हैं। केंद्र में चार सिलाई मशीनें, अनुभवी प्रशिक्षिकाएँ तथा प्रशिक्षण हेतु आवश्यक सभी संसाधनों की व्यवस्था की गई है। यहां महिलाओं को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन विनीत तुलस्यान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास की आधारशिला है तथा यह केंद्र अनेक महिलाओं के जीवन में आत्मनिर्भरता और सम्मान का नया अध्याय जोड़ेगा।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष अमरेश सिंह ने बताया की कालिंदी देवी स्कूल को पहले ही गोद लेकर बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है और आज महिलाओं के उत्थान के लिए सहेली सेंटर की स्थापना कराई गई। रोटरी क्लब धनबाद सेंट्रल भविष्य में बच्चों और महिलाओं के विकास के लिए सहेली सेंटर व स्कूल का स्थापना करेगी।
कार्यक्रम में रोटेरियन अमरेश सिंह, रोटेरियन मनीष तायल, रोटेरियन अमित जैन, रोटेरियन राहुल डोका निया , रोटेरियन नितिन कोठारी, रोटेरियन अजय अग्रवाल, सहायक गवर्नर (AG) रोटेरियन दीपक कनोरिया, नीतू कनोरिया एवं रीना जालुका सहित क्लब के अनेक सदस्यों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रोटरी क्लब धनबाद सेंट्रल ने सभी सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में ऐसे जनहितकारी कार्य करता रहेगा।