महेशपुर मोड़ के पास सड़क हादसा, ट्रक से टकराई क्रेटा कार
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर महेशपुर मोड़ के समीप रविवार अहले सुबह एक सड़क हादसा हो गया। बताया जाता है कि चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे से आ रही क्रेटा कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।
हादसे में क्रेटा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार में लगे एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया और सवार लोगों की जान बच गई। कार में चालक मयंक के साथ उसके दो दोस्त सत्यम और देव सवार थे। दुर्घटना में तीनों को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार सभी युवक हीरापुर के रहने वाले हैं और तोपचाची क्षेत्र के होटल से धनबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महेशपुर मोड़ के पास यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बाद में दुर्घटनाग्रस्त क्रेटा कार को हाइड्रा मशीन की मदद से हटाकर राजगंज थाना ले जाया गया।