मारवाड़ी युवा मंच केंदुआ शाखा के रक्तदान शिविर में 33 लोगों ने किया रक्तदान
डीजे न्यूज, केंदुआ (डीजे न्यूज) : केंदुआ सत्संग भवन में गुरुवार को मारवाड़ी युवा मंच केंदुआ शाखा की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 33 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने कहा, “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है।” उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन साबित हो सकता है। रक्तदान शिविर में इंडियन आइडल फेम अभिषेक कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान मारवाड़ी युवा मंच की ओर से सभी आगंतुक अतिथियों का गमछा ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में मारवाड़ी युवा मंच झारखंड प्रांत के उपाध्यक्ष नरेश केजरीवाल एवं सहायक मंत्री राजीव सावतीय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष सुमित शर्मा, उत्सव मित्तल, दीपेश मानकासिया, श्रवण अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक करण अग्रवाल, अनिल सिंघल, आशीष सिंघल, पंकज भुवानियां, रमेश तिवारी, मुकुल केडिया एवं आयुष अग्रवाल सहित मंच के कई सदस्य उपस्थित रहे। शिविर के दौरान धनबाद एसजीएस अस्पताल की टीम ने रक्त संग्रह किया। आयोजन के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए समाज सेवा के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संदेश दिया गया।