कतरी नदी पर बने अवैध अस्थायी पुल को किया ध्वस्त
भारी वाहनों के आवाजाही के लिए आउटसोर्सिंग कंपनी ने किया था निर्माण
विधायक सरयू ने किया था निरीक्षण, जताई थी नाराजगी
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): झारखंड विधानसभा की प्रत्यायुक्त विधान समिति की टीम ने रविवार को गजलीटांड़ स्थित कतरी नदी पर भारी वाहनों की आवाजाही के लिए बनाए गए अस्थायी पुल का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान समिति के अध्यक्ष सह विधायक सरयू राय नदी पर बने अस्थायी पुल को अवैध और बताया था। बता दें कि उक्त दो अस्थायी पुल का निर्माण आरके माइनिंग आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कराया गया था।
एक पुल को किया ध्वस्त
समिति अध्यक्ष के निरीक्षण के दूसरे दिन सोमवार को आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा एक अस्थायी पुल को ध्वस्त कर दिया गया।
इस बाबत गजलीटांड़ के सामाजिक कार्यकर्ता उज्ज्वल सिंह और अनूप सिंह ने बताया कि नदी के बीच अवैध खनन और अस्थायी पुल निर्माण
पर्यावरण और स्थानीय जनजीवन दोनों के लिए गंभीर खतरा है।
मालूम हो कि निरीक्षण के क्रम में विधायक सरयू ने मामले को विधानसभा में उठाने और हाई कोर्ट में याचिका दायर करने की बात कहीं थी। स्थानीय ग्रामीण पुल को ध्वस्त करने के मामले को विधायक की उक्त चेतावनी से जोड़कर देख रहे हैं।