करंट की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत, परिजनों ने की कार्रवाई व मुआवजे की मांग
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज हटिया में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 65 वर्षीय वृद्ध महिला भादी गोराई की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए राजगंज थाना में लिखित आवेदन देकर दोषी अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मृतका के पुत्र जोटू गोराई ने आवेदन में बताया कि सुबह करीब छह बजे उनकी मां घर की छत पर साफ-सफाई करने गई थीं। इसी दौरान छत के समीप से गुजर रहे नग्न बिजली तार की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले के लोगों ने पहले भी कई बार बिजली विभाग को जर्जर एवं खुले बिजली तारों की जानकारी देकर उन्हें हटाने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि हटिया सहित पूरे राजगंज बाजार में नए पोल और कवरयुक्त तार लगाकर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है, लेकिन पुराने नग्न तारों से बिजली प्रवाह बंद नहीं किया गया, जिससे यह हादसा हुआ।
पीड़ित परिवार ने सहायक अभियंता से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा मृतका के परिजनों को विभाग की ओर से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सहायक अभियंता विवेक साहू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने तत्काल नग्न तारों को हटाने का निर्देश देते हुए मृतका के परिजनों को विभाग की ओर से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।
इधर, सूचना मिलने पर राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि सुबोध चौरसिया, पंचायत समिति प्रतिनिधि सुनील साव, पूर्व पंचायत समिति सदस्य सूरज सोनी, समाजसेवी सुदीप अड्डी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।