कोल इंडिया के स्थापना दिवस पर निकाली प्रभात फेरी, गौरवशाली विरासत एवं कोयला कर्मियों के योगदान को किया स्मरण
डीजे न्यूज, धनबाद: कोल इंडिया लिमिटेड के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को बीसीसीएल मुख्यालय, कोयला नगर में प्रभात फेरी, ध्वजारोहण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अध्यक्षता निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत कोयला स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत कोयला कर्मियों को नमन करने के साथ हुई। इसके पश्चात कोयला नगर क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ के जवानों तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर के एनसीसी एवं स्पोर्ट्स विंग के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी का समापन मुख्य द्वार पर हुआ।
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह ने कोल इंडिया का ध्वजारोहण किया तथा खनिक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कोयला कर्मियों के अथक परिश्रम, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को नमन किया।
बीसीसीएल परिवार ने संगठन की गौरवशाली विरासत एवं कोयला कर्मियों के योगदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक विकास एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में निरंतर योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) राजेश कुमार, मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकगण, सीसीसी, कल्याण एवं सुरक्षा बोर्ड के सदस्य, सीआईएसएफ के अधिकारी एवं जवान सहित बड़ी संख्या में बीसीसीएल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।