कोल डंपों में कोयला उपलब्ध कराने की मांग को ले आंदोलन पर उतरे असंगठित मजदूर
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कोल डंपों में कोयला उपलब्ध कराने की मांग को लेकर बीसीसीएल के बेनीडीह, नदखरकी व जमुनिया कोल डंप में कार्यरत असंगठित मजदूर सोमवार को आंदोलन पर उतर आए। आंदोलनकारी मजदूरों ने बीसीसीएल के ब्लॉक दो क्षेत्र का चक्का जाम कर दिया। मजदूरों ने कहा कि तीनो डंपों में प्रबंधन के इशारे पर पर्याप्त मात्रा में कोयला उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। परिणामस्वरूप मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा है और परिजनों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है।
आंदोलन की ख़बर पाकर बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनरत मजदूरों से वार्ता की। मजदूरों की मांगों पर प्रबंधन ने असमर्थता जताई और वार्ता विफल हो गई। दोपहर को पीओ एसके सिन्हा ने मजदूरों से वार्ता की। उनके आश्वासन पर मजदूरों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
मजदूरों ने बताया की कोलडंप पर ट्रकों में लदाई के लिए कोयला नहीं दिया जा रहा है, बल्कि रैक लोडिंग के लिए केवल कोयला की ट्रांसपोर्टिंग कार्य कर रही है। रोड सेल के लिए कभी कभार कोयला कोलडंप मे गिराये जा रहे है जिसके कारण डीओ होल्डर तीनो कोलडंप मे कोयला उठाव के लिए ट्रक नही लगा पा रहे हैं। बहुत से मजदूर रोजगार की तलाश मे पलायन कर रहे है।