कल्याणडीह में 28 एकड़ में विकसित होगा नगर वन, मंत्री व मेयर ने किया शिलान्यास

कल्याणडीह में 28 एकड़ में विकसित होगा नगर वन, मंत्री व मेयर ने किया शिलान्यास

डीजे न्यूज, गिरिडीह : पचम्बा के कल्याणडीह में शनिवार को नगर वन (फेज-2) परियोजना का शिलान्यास किया गया। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मेयर प्रमिला मेहरा और डीएफओ मनीष तिवारी ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर परियोजना की आधारशिला रखी। इस दौरान वन महोत्सव का भी आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए, वहीं ग्रामीणों के बीच पौधों का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

वन विभाग की 28 एकड़ भूमि पर करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले नगर वन की परिकल्पना प्राकृतिक वातावरण, जैव विविधता संरक्षण और लोगों को हरित क्षेत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। इस परियोजना के तहत नक्षत्र वन सहित कई आकर्षक संरचनाएं विकसित की जाएंगी।

मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि शहर से सटे इस क्षेत्र में विकसित होने वाला नगर वन लोगों को प्रकृति के करीब लाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित विरासत साबित होगी। नगर वन शहर में जंगल जैसी प्राकृतिक अनुभूति देने के साथ लोगों के लिए सैर, पर्यावरण शिक्षा और जैव विविधता के संरक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

डीएफओ मनीष तिवारी ने कहा कि नगर वन योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्र के लोगों को हरियाली और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है। वहीं मेयर प्रमिला मेहरा ने इस पहल को शहर के पर्यावरण और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top