कल्पना सोरेन ने गांडेय में औषधीय पौधों से सजे “धनवंतरी होड़ोपैथी आयुर्वेदिक पार्क” का किया शुभारंभ

Advertisements

कल्पना सोरेन ने गांडेय में औषधीय पौधों से सजे “धनवंतरी होड़ोपैथी आयुर्वेदिक पार्क” का किया शुभारंभ

लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गांडेय विधानसभा क्षेत्र में जनहितकारी पहल के तहत आज “धनवंतरी होड़ोपैथी आयुर्वेदिक पार्क” का शुभारंभ माननीय विधायक गांडेय, श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कई प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह पार्क लगभग 5 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें 120 से अधिक प्रकार के औषधीय पौधे लगाए गए हैं, जो विभिन्न रोगों के उपचार में सहायक माने जाते हैं। इस पार्क का उद्देश्य आयुर्वेद एवं होड़ोपैथी जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देना और लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि यह पार्क स्वास्थ्य, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देना आज की आवश्यकता है, और यह परियोजना उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन जनहित में ऐसी योजनाओं को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पार्क आने वाले समय में जिले का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनेगा। साथ ही यहां औषधीय पौधों से दवा निर्माण हेतु आधुनिक मशीनों की व्यवस्था भी की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

पार्क में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, युवाओं एवं बुजुर्गों के लिए ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे यह एक समग्र स्वास्थ्य एवं मनोरंजन केंद्र के रूप में उभरेगा। यह पार्क मात्र 10 रुपये के नाममात्र प्रवेश शुल्क पर आम जनता के लिए खुला रहेगा।

इस मौके पर पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top