खुखरा में निजी पहल से बनी कच्ची सड़क वरदान से कम नहीं, पहली बार गांव पहुंची एंबुलेंस
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : खुखरा पंचायत के सिन्दरपुर और धनेयडीह जैसे दूरस्थ गांवों के लिए एक छोटी पहल आज बड़ी राहत और उम्मीद की कहानी बन गई है। पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक द्वारा फरवरी महीने में अपने निजी खर्च से बनवाई गई कच्ची सड़क अब ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आपात स्थिति में जीवन बचाने का माध्यम भी बन गई है। बीते महीने पहली बार इसी रास्ते से एम्बुलेंस सिन्दरपुर गांव तक पहुंच सकी और एक गंभीर मरीज को समय पर अस्पताल ले जाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह सड़क नहीं बनी होती, तो समय पर इलाज मिल पाना मुश्किल था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षों से इन गांवों में सड़क की समस्या बनी हुई थी। बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते थे, जिससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में यह पहल ग्रामीणों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस घटना के बाद स्थानीय स्वास्थ्य सहिया ने फोन कर केशव पाठक का आभार जताया। इसे लेकर पाठक ने कहा कि जनसेवा का असली मतलब यही है कि आम लोगों की जरूरत के समय उनके काम आ सकें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। ग्रामीणों में इस पहल को लेकर काफी उत्साह और संतोष है। लोगों का कहना है कि अब न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं तक भी उनकी पहुंच बनी है। केशव पाठक ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य के रूप में उनका एकमात्र उद्देश्य “जनसेवा ही सर्वोपरि” है। वे आगे भी इसी तरह अपने क्षेत्र के हर गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रयासरत रहेंगे, ताकि विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।