खाद्यान्न वितरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : उपायुक्त रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह :- समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंडवार योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत अप्रैल एवं मई 2026 के खाद्यान्न वितरण की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एनएफएसए एवं जेएसएफएसएस योजना के तहत खाद्यान्न वितरण, चना दाल वितरण, मुख्यमंत्री दाल-भात योजना, चीनी एवं नमक वितरण, पीवीटीजी, जन वितरण प्रणाली, ग्रीन राशन कार्ड समेत विभिन्न योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान पीवीटीजी परिवारों को डाकिया योजना के माध्यम से राशन उपलब्ध कराने की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र पीवीटीजी परिवारों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ समय पर मिले। साथ ही सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना के लाभुकों को भी समय पर लाभान्वित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पीजीएमएस पोर्टल पर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, आधार सिडिंग, सुसुप्त राशन कार्ड, ग्रीन टू एनएफएसए परिवर्तन, ई-पॉश मशीन एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने यह भी कहा कि गोदामों में रखे अनुपयोगी एवं खाने योग्य नहीं रहे खाद्यान्न की जांच कर विभागीय प्रक्रिया के तहत उसका विनिष्टीकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक समेत संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।