केंदुआडीह सड़क धंसान मामले में आर-पार की लड़ाई का ऎलान चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कसी कमर, आमरण अनशन 09 मई से

Advertisements

केंदुआडीह सड़क धंसान मामले में आर-पार की लड़ाई का ऎलान

चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कसी कमर, आमरण अनशन 09 मई से

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद–बोकारो मुख्य सड़क के केंदुआडीह के पास धंसने की घटना को लेकर गुरुवार को केंदुआपुल चैंबर ऑफ कॉमर्स, छाताटांड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स, लोयाबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स, पुटकी चैंबर ऑफ कॉमर्स, मटकुरिया चैंबर ऑफ कॉमर्स, मोटर डीलर एसोसिएशन सहित कई व्यापारिक संगठनों ने बैठक की। धनबाद- बोकारो मुख्य सड़क के बंद रहने से व्यापारियों, आमलोगों, छात्रों, महिलाओं के समक्ष उत्पन्न संकट के निराकरण पर चर्चा की।
बैठक में सभी संगठनों ने एक स्वर में आंदोलन को और तेज करने तथा “आर-पार की लड़ाई” लड़ने का संकल्प लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि अविलंब सड़क निर्माण, धंसान प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 09 मई  से 24 घंटे का अनशन प्रारंभ किया जाएगा।
व्यापारियों की बैठक में शामिल विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जनता अब जिला प्रशासन और बीसीसीएल की लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। यह आंदोलन जनता की सुरक्षा, सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। यदि सरकार और प्रशासन अब भी नहीं चेते तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। जब तक सड़क निर्माण, पुनर्वास और स्थायी समाधान सुनिश्चित नहीं होता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
अजय नारायण लाल, महासचिव, जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा कि केंदुआडीह सड़क बंद होने से पूरे धनबाद के व्यापार, यातायात और आम जनजीवन पर गंभीर असर पड़ा है। सरकार और संबंधित विभागों की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। व्यापारिक संगठनों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब केवल ज्ञापन और आश्वासन का दौर खत्म हो चुका है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी वर्ग सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा।
राजेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा कि यह केवल सड़क धंसान का मामला नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता का जीता-जागता उदाहरण है। जनता रोज परेशान हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदकर बैठे हैं। अब पूरा व्यापारिक समाज और आम जनता एकजुट होकर निर्णायक आंदोलन करेगी।
बैठक में धनबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव अजय नारायण लाल, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला चैंबर के प्रेम गंगेसरिया, लोकेश अग्रवाल, श्रवण सिन्हा, केंदुआपुल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रंजीत मधेशिया, सचिव राजेश मधेशिया, कोषाध्यक्ष उपेंद्र श्रीवास्तव, छाताटांड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पंकज भुवानियां, सचिव मोनू वर्मा, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार साव, लोयाबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव सुनील पांडेय, कोषाध्यक्ष विजय सतमालिका, पुटकी चैंबर ऑफ कॉमर्स के केदार लाल वर्णवाल, चांद मियां, नीरज गुप्ता, हर्ष कुमार, बैंक मोड़ चैंबर के संदीप मुखर्जी सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top