साइबर ठगी का खामियाजा निर्दोष व्यापारी क्यों भुगते? फर्जी सिम और फर्जी KYC पर लगाम लगाने की उठी मांग

साइबर ठगी का खामियाजा निर्दोष व्यापारी क्यों भुगते? फर्जी सिम और फर्जी KYC पर लगाम लगाने की उठी मांग

डीजे न्यूज, गिरिडीह : साइबर अपराध का केंद्र बिंदु फर्जी सिम कार्ड और फर्जी केवाईसी पर खोले गए बैंक अकाउंट हैं, लेकिन इसका खामियाजा हमेशा पेमेंट प्राप्त करने वाले निर्दोष व्यापारी को उठाना पड़ता है। यह मुद्दा गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने जोरदार तरीके से उठाया है।

निर्मल झुनझुनवाला ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और आरबीआई को टैग करते हुए कहा है कि इन्हें मिलकर समस्या का समाधान निकालना चाहिए।

सिम कंपनी और बैंक को ठहराया जाए जिम्मेदार

निर्मल झुनझुनवाला ने मांग की है कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सिम प्रदाता कंपनी तथा बैंक को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। जब तक फर्जी सिम जारी करने वाली कंपनियों और बिना सही जांच के खाता खोलने वाले बैंकों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक साइबर अपराधों पर अंकुश नहीं लगेगा।

सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर व्यापारियों में भी चर्चा तेज है। व्यापारियों का कहना है कि वे सामान बेचकर UPI / बैंक से पेमेंट लेते हैं, लेकिन बाद में साइबर फ्रॉड के मामले में उनका खाता फ्रीज कर दिया जाता है, जबकि असली अपराधी फर्जी सिम और फर्जी खातों की आड़ में बच निकलते हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top