कबड्डी के फाइनल में चूका गिरिडीह कॉलेज, उपविजेता बनकर लहराया परचम
सेमीफाइनल में सरिया कॉलेज को 10 अंकों से दी शिकस्त, जेजे कॉलेज झुमरी तिलैया से फाइनल में मिली हार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग की अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में गिरिडीह कॉलेज की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। टीम की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में गिरिडीह कॉलेज का मुकाबला सरिया कॉलेज से हुआ। रोमांचक मुकाबले में गिरिडीह कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए 51 अंक हासिल किए, जबकि सरिया कॉलेज की टीम 41 अंक ही जुटा सकी। इस तरह गिरिडीह कॉलेज ने 10 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में गिरिडीह कॉलेज की भिड़ंत जेजे कॉलेज, झुमरी तिलैया से हुई। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, जेजे कॉलेज ने 41 अंक हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया, जबकि गिरिडीह कॉलेज की टीम 31 अंक ही जुटा सकी। इस तरह गिरिडीह कॉलेज को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. केएन शर्मा ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि उपविजेता बनना भी गर्व की बात है। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया। वहीं, टीम मैनेजर धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सेमीफाइनल में मिली जीत सामूहिक प्रयास का परिणाम थी। फाइनल का अनुभव खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।