कांशीराम साहब ने बहुजन समाज में जगाई राजनीतिक चेतना : एलपी बौद्ध
डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम साहब के 20वें परिनिर्वाण दिवस पर शुक्रवार को बसपा धनबाद जोन इकाई की ओर से लक्ष्मी कोलियरी स्थित अंबेडकर चौक मैदान में श्रद्धांजलि सभा सह विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कांशीराम साहब के संघर्ष, विचारों और बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक बनाने में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और कांशीराम साहब की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य प्रभारी एलपी बौद्ध ने कहा कि कांशीराम साहब ने बहुजन समाज में राजनीतिक चेतना जगाकर उसे देश की मुख्यधारा में लाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस को एक सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि कांशीराम साहब ने दोनों दलों के लिए सांपनाथ और नागनाथ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने बहन कुमारी मायावती को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था।
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह जोन प्रभारी सुबल दास ने कहा कि बसपा के संघर्ष का ही परिणाम है कि आज जगह-जगह बाबा साहब की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं और संविधान के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी वोट के लिए नीला गमछा पहनकर जय भीम का नारा लगाने को मजबूर हैं।
गणेश भारती और शिव कुमार दास ने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड का वास्तविक विकास बसपा की सरकार में ही संभव है। कांशीराम साहब के बताए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अभय कुमार ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष गणेश भारती ने किया। मौके पर जिला महासचिव मनोज बौद्ध, प्रमोद कुमार, सुनील कुमार रविदास, एजाज अहमद, बाबूराम मांझी, राजकुमार भारती, अशोक कनौजिया और राम प्रसाद दास समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।