गरबा-डांडिया की धूम में झूम उठा आईआईटी धनबाद
*दीप्ति लेडीज क्लब की सांस्कृतिक संध्या में भक्ति, संगीत और परंपरा का संगम*
डीजे न्यूज, धनबाद : आईआईटी (आईएसएम) धनबाद परिसर में शुक्रवार को गरबा और डांडिया की खनक के बीच नवरात्रि का उत्साह छाया रहा। दीप्ति लेडीज क्लब की ओर से 9 अक्टूबर को गोल्डन जुबली लेक्चर थिएटर में आयोजित डांडिया नाइट में भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा भी शामिल हुए।
मां दुर्गा की आराधना और मंगलाचरण के साथ शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या में पारंपरिक परिधानों से सजे प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगी चनिया-चोली और आकर्षक साड़ियों में सजे प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोकधुनों से लेकर लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों तक पर जमकर नृत्य किया। डांडिया की लयबद्ध खनक, तालियों की गूंज और उत्साह से पूरा परिसर जीवंत हो उठा।
क्लब की अध्यक्ष शकुंतला मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आकर्षक रोशनी, मधुर संगीत और पारंपरिक सजावट ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। परिवारों और प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
डांडिया नाइट ने नवरात्रि की आध्यात्मिक भावना के साथ गुजरात की समृद्ध लोकसंस्कृति को भी जीवंत किया। इस आयोजन ने संस्थान के विभिन्न परिवारों और समुदायों को एक मंच पर लाकर आपसी सौहार्द, सहभागिता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।