कृषि विज्ञान केंद्रों की वार्षिक कार्ययोजना कार्यशाला सम्पन्न
किसानों के साथ संवाद एवं सहभागिता बढ़ाने पर जोर
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): झारखंड के कृषि विज्ञान केंद्रों की दो दिवसीय वार्षिक कार्ययोजना कार्यशाला का समापन शुक्रवार को हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र बलियापुर में आयोजित कार्यशाला के अंतिम दिन 12 कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा अपनी वार्षिक कार्ययोजना की प्रस्तुतियाँ दी गईं। इनमें बोकारो, चतरा, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, पाकुड़ सहित अन्य केवीके शामिल रहे। प्रस्तुतियों में आगामी वर्ष के लिए प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम, ऑन-फार्म ट्रायल (OFT) तथा फ्रंट लाइन डेमोंस्ट्रेशन (FLD) पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. डी. वी. सिंह, प्रधान वैज्ञानिक, आईसीएआर-अटारी, पटना ने सभी वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे किसानों के साथ अधिकाधिक संवाद एवं सहभागिता बढ़ाएं, जिससे उनकी वास्तविक समस्याओं की पहचान कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने यह भी सलाह दी कि वार्षिक कार्ययोजना का निर्माण स्थानीय मौसम परिस्थितियों एवं कृषि-जलवायु क्षेत्र (Agro-Climatic Zone) के अनुरूप किया जाए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी एवं परिणामदायी हो सके।
सभी केवीके ने राज्य के किसानों के हित में योजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।