जनता दरबार में विभिन्न मामलों की हुई सुनवाई
डीजे न्यूज, धनबाद: समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में डीसी आदित्य रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनी। जनता दरबार में निरसा, भेलाटांड, टुंडी, तेतुलमारी, झरिया, बरवाअड्डा, गोविंदपुर, पुटकी, तोपचांची, बलियापुर, राजगंज, बाघमारा एवं सिंदरी सहित विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों ने अपनी शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए।
जनता दरबार में मुआवजा भुगतान, नियोजन, बाउंड्री वॉल तोड़ने, धमकी देने, सड़क एवं नाली निर्माण, होमगार्ड बहाली, जमीन म्यूटेशन, प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास योजना, विस्थापन, मारपीट, बकाया वेतन भुगतान, आवास पर जबरन कब्जा, जमीन विवाद, मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति तथा आवासीय प्रमाण पत्र, आर्म्स लाइसेंस, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार समेत विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की नियमित समीक्षा की जाएगी।