जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं जन समस्या, कई मामलों का मौके पर समाधान

जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं जन समस्या, कई मामलों का मौके पर समाधान

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 70 से अधिक फरियादियों ने बिजली बिल, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक विवाद, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड एवं जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान भी कराया तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव है, उन्हें बिना विलंब नियमानुसार पूरा किया जाए।

रामनिवास यादव ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है। इससे न केवल लोगों की समस्याओं का समाधान होता है, बल्कि प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top