एक बार फिर आंदोलन पर उतरे बेलगड़िया के रैयत, बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य रोका
जमीन के बदले नियोजन की है मांग
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बीसीसीएल की वादाखिलाफी के विरोध में बेलगड़िया मौजा के ग्रामीण एक बार फिर से सोमवार को आंदोलन पर उतर आए और बेलगड़िया में पावर ग्रिड के बनाए जा रहे बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को लेकर आपत्ति जताई। इस दौरान ग्रामीणों ने कार्यस्थल पर प्रदर्शन किया और बीसीसीएल व जरेडा के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलनकारी
बीसीसीएल के द्वारा अधिगृहित की गई बेलगड़िया मौजा की रैयती जमीन के बदले नियोजन देने की मांग कर रहे थे।
रैयत ग्रामीणों का कहना है कि अवार्डी नंबर 22 के लिए 40 एकड़ भूमि के बदले कुल 25 रैयतों को नियोजन देने की स्वीकृति दी गई थी। इसके एवज में सिर्फ 21 नौकरियां दी गई। चार अन्य लोगों को अभी तक नौकरी नहीं दी गई है। जबकि बीसीसीएल प्रबंधन चार अन्य को भी नौकरी देने की बातें कह रही है। प्रबंधन के अनुसार अन्य चार नियोजन जिन्हें दिया गया है, उन लाभार्थियों का नाम राइट टू इनफार्मेशन के तहत रैयतों को बताया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बीसीसीएल से प्राप्त राइट टू इनफार्मेशन के तहत गांव के दामोदर महतो, शिवपूजन सिंह, धीरेंन महतो एवं मथुरा प्रसाद महतो का नाम दर्शाया गया है जो अभी तक बेरोजगार तथा दैनिक मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। रैयत ग्रामीणों का दावा है कि उन लोगों के नाम से फर्जी लोगों ने प्रबंधन की मिली भगत से नौकरियां हासिल कर ली हैं। जिन्हें अविलंब बर्खास्त कर असली लाभार्थियों को नौकरी दिलाने की मांग ग्रामीणों द्वारा की जा रही है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि शिवपूजन सिंह नाम के व्यक्ति को उन लोगों के अवार्डी में शामिल कर कैसे नौकरी दे दी गई। जबकि उक्त अवार्डी महतो जाति से संबंधित है। आंदोलनरत ग्रामीणों ने मामले की जांच कर अब तक नौकरी से वंचित लाभार्थियों को नौकरी दिलाने की मांग बीसीसीएल प्रबंधन एवं जिला प्रशासन से किया है। प्रदर्शन में मनोहर सिंह, नकुल चंद्र महतो, सृष्टि धर महतो, माथुर प्रसाद महतो, दामोदर महतो, उमेश चंद्र महतो, वकील सिंह, नेपाल महतो, मदन महतो, सुदामा महतो, पार्वती देवी, गीता देवी, हेमया देवी, अनीता देवी, मीना देवी, रीता देवी, नमिता देवी आदि थे।