भूमिगत आग और गैस रिसाव से सहमा परिवार, विस्थापन की लगाई गुहार
डीजे न्यूज, कतरास, धनबाद
तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदौर में एक परिवार पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। घर के अंदर से लगातार आग और गैस का रिसाव होने तथा आसपास की जमीन में धंसान शुरू होने से परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है। इस गंभीर खतरे को देखते हुए पीड़ित अभिमन्यु प्रताप सिंह ने कतरास क्षेत्र-IV के महाप्रबंधक को लिखित आवेदन देकर परिवार के लिए सुरक्षित विस्थापन की मांग की है। पीड़ित ने कहा है कि उनके घर के भीतर से गैस और आग निकल रही है, जबकि घर के आसपास की जमीन भी धंसने लगी है। घर में छोटे बच्चे और बुजुर्ग पिता के मौजूद होने के कारण परिवार हर पल किसी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा परिस्थितियों में वहां रहना असंभव हो गया है और इस समस्या की जानकारी पहले भी मौखिक रूप से दी जा चुकी है। पत्र के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। फिलहाल, परिवार ने महाप्रबंधक से तत्काल हस्तक्षेप कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। हालांकि, इस पूरे मामले पर प्रबंधन की आधिकारिक प्रतिक्रिया और शिकायतकर्ता के शिकायत की स्वतंत्र पुष्टि और जांच होना अभी बाकी है।