जनगणना में सभी की भागीदारी आवश्यक : सुरेश वर्णवाल
पूर्वी टुंडी में शिक्षकों का गैर-आवासीय प्रशिक्षण शुरू
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : पूर्वी टुंडी प्रखंड सभागार में भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर शिक्षकों का तीन दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। चार चरणों में चलने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले चरण में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को मकान सूचीकरण और मकानों की गणना से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षक आशुतोष चौबे व विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि मकान सूचीकरण जनगणना की पहली और अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर आगे की गणना कार्य किया जाएगा।
प्रगणकों को घर-घर जाकर सही जानकारी एकत्र करने, आंकड़ों की सटीकता बनाए रखने और निर्धारित प्रारूप में जानकारी भरने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मौजूद अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक होती है।