


जमुआ में विवादित पत्थर खदान पर खूनी संघर्ष
एक की मौत, छह से अधिक जख्मी
डीजे न्हूज, गिरिडीह: मंगलवार सुबह जमुआ प्रखंड के दलिया गांव में विवादित पत्थर खदान को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। इस हिंसक झड़प में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पैर में गोली लगने की सूचना है।
यह खदान कई सालों से बंद पड़ी थी, लेकिन हाल ही में बिहार के नवादा जिले से आए एक संचालक ने कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर खदान का संचालन फिर से शुरू किया था। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो खदान संचालक के लोगों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया, जिससे मामला बढ़कर मारपीट और गोलीबारी में बदल गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी जख्मी व्यक्तियों को पहले जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल गोली चलाने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से खदान को लेकर विवाद चल रहा था, जो मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। इस घटना ने दलिया और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना दिया है, जबकि पुलिस स्थिति को शांत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।