जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में इंडोर स्टेडियम के खिलाड़ियों का जलवा, कई वर्गों में जीते खिताब
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में तथा नवजीवन नर्सिंग होम के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय गिरिडीह जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता सह चैंपियनशिप का समापन रविवार को इंडोर स्टेडियम में हुआ। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक चली इस प्रतियोगिता में इंडोर स्टेडियम के सीनियर कोच मुकेश कुमार और कोच रौशन कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई खिताब अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में अंडर-11 से लेकर पुरुष वर्ग तक इंडोर स्टेडियम के खिलाड़ियों ने विजेता और उपविजेता बनकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अंडर-11 बालक एकल में जिश्नु सयान विजेता और आयांश आनंद उपविजेता रहे। अंडर-13 बालक एकल में सक्षम लहरी, बालिका एकल में काश्वी कृष्णा, अंडर-15 बालिका एकल में दिशु गुप्ता, अंडर-17 बालक एकल में अंकित कुमार, अंडर-17 बालिका एकल में राशी कुमारी, अंडर-19 बालिका एकल में कृतिका कृष्णा तथा पुरुष एकल में आदर्श पांडेय ने खिताब अपने नाम किए। युगल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई वर्गों में जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी राज्य प्रतियोगिता में गिरिडीह जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सीनियर कोच मुकेश कुमार और कोच रौशन कुमार ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासित अभ्यास और नियमित प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे। दोनों प्रशिक्षकों ने कहा कि इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर कोचों ने अभिभावकों, गिरिडीह जिला बैडमिंटन संघ, आयोजकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों, मीडिया प्रतिनिधियों और मुख्य प्रायोजक नवजीवन नर्सिंग होम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।