झारखण्ड स्थापना दिवस व भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की तैयारियां शुरू

झारखण्ड स्थापना दिवस व भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की तैयारियां शुरू

एलईडी जागरूकता वैन से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का किया जाएगा प्रचार-प्रसार

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखण्ड राज्य के स्थापना की 26वीं वर्षगांठ एवं भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘झारखण्ड स्थापना दिवस’ को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में डीएमएफटी सभागार में बैठक आयोजित की गई।

इसमें जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं के साथ कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उप विकास आयुक्त ने अवगत कराया कि राज्य स्तर पर मोरहाबादी मैदान, रांची में मुख्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। साथ ही जिला स्तर पर भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों का शुभारंभ 11 नवंबर को एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। यह वैन 29 नवंबर तक जिले में भ्रमण कर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएगी। वहीं जिले में जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए स्थानीय कलाकारों व सांस्कृतिक दलों के माध्यम से लगभग 10 प्रमुख स्थानों पर स्ट्रीट डांस का आयोजन किया जाएगा।

साथ में विद्यालय व महाविद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं के बीच वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिता तथा स्थानीय कलाकारों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा जिला स्तर पर 15 नवंबर एवं 29 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जबकि मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं को अपनी-अपनी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रामनारायण खालको, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनिल कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, डीएसई शालिनी डुंगडुंग के अलावा अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top