झारखंड में सरकार बनाने में होगी “हम (से.)” की निर्णायक भूमिका:डॉ. संतोष कुमार सुमन

झारखंड में सरकार बनाने में होगी “हम (से.)” की निर्णायक भूमिका:डॉ. संतोष कुमार सुमन

तीन साल मेहनत करने का दिया गुरुमंत्र, गरीबों की लड़ाई अब हम (से.) की लड़ाई का दिया नारा

डीजे न्यूज, धनबाद: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के धनबाद आगमन से झारखंड में पार्टी संगठन को नई ऊर्जा और राजनीतिक मजबूती मिली है। ‘हक़ की बात, हम के साथ’ जनसंपर्क अभियान का आगाज़ करने पहुँचे डॉ. सुमन का पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भव्य रोड शो के माध्यम से जोरदार अभिनंदन किया। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नया उत्साह और संगठन विस्तार का संकल्प देखने को मिला।

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए झारखंड में पार्टी की राजनीतिक संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) अपनी ताकत दिखाएगा, पार्टी के विधायक चुनकर विधानसभा पहुँचेंगे और हम (एस)के समर्थन से झारखंड में सरकार बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाई जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

डॉ. सुमन ने कहा अगले तीन साल पूरी मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के साथ संगठन के लिए काम कीजिए। आपका भविष्य हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) बदलेगा। जनता के बीच जाइए, गरीबों की समस्याओं को समझिए और उनके अधिकारों के लिए मजबूती से खड़े रहिए।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) हमेशा गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा गरीबों की लड़ाई आज से हम (एस)की लड़ाई है। गरीबों की आवाज को कोई दबा नहीं सकता। उनके अधिकारों, सम्मान और न्याय के लिए पार्टी पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड के जनमुद्दों को राज्य सरकार के समक्ष उठाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अपने अगले झारखंड दौरे के दौरान वे मुख्यमंत्री से मिलकर राज्य की जनता की समस्याओं और पार्टी की मांगों को उनके सामने रखेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनसमस्याओं की जानकारी जुटाने, जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और मुद्दों को व्यवस्थित ढंग से नेतृत्व तक पहुँचाने का निर्देश दिया।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  हरे कृष्ण महाराज ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन का आगमन झारखंड में पार्टी संगठन के लिए उत्साहवर्धक और निर्णायक प्रेरणा लेकर आया है। उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और राजनीतिक संकल्प का संचार हुआ है।

महाराज ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से झारखंड में संगठन विस्तार, आगामी चुनाव की तैयारी और राज्य के ज्वलंत जनमुद्दों पर मार्गदर्शन मांगा है। उनके स्पष्ट संदेश और दिशा-निर्देश से हमारी पूरी टीम उत्साहित है। हमारा लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि गरीबों, वंचितों, विस्थापितों और आम नागरिकों की आवाज बनना है।

उन्होंने आगे कहा कि ‘हक़ की बात, हम के साथ’ अभियान झारखंड की जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाने की पहल है। पार्टी गाँवों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों तक पहुँचकर लोगों के वास्तविक मुद्दों को सामने लाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत से झारखंड में हम (एस) की राजनीतिक ताकत निरंतर बढ़ेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पांडेय ने झारखंड इकाई की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके, अनुशासन और समर्पण के साथ संचालित करना पार्टी की मजबूती का आधार है। झारखंड इकाई की ओर से जिस अनुशासन और समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है, उससे राष्ट्रीय समिति को संतोष मिलता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह झारखंड प्रभारी  सुनील कुमार चौबे ने कहा कि झारखंड अब राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से पीछे रहने वाला नहीं है। राज्य में पार्टी की उपस्थिति को मजबूत करते हुए जनता के अधिकारों और स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारी और जनसंपर्क अभियान को गति देने की अपील की।

धनबाद जिला अध्यक्ष मनोज भुइयां ने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं की ओर नेतृत्व का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में भू-धंसान, विस्थापन तथा जाति प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याएँ आम जनता के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। इन मुद्दों के कारण गरीब परिवारों और जरूरतमंद लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल और प्रभावी जनआंदोलन की आवश्यकता पर बल दिया।

‘हक़ की बात, हम के साथ’ कार्यक्रम के माध्यम से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने स्पष्ट संदेश दिया कि झारखंड में पार्टी गरीबों, वंचितों और आम जनता के मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसमस्याओं को चिह्नित करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन का संदेश स्पष्ट है—गरीबों की आवाज बुलंद होगी, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष होगा और आगामी चुनाव में हम (एस) अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेगा। प्रदेश अध्यक्ष हरे कृष्ण महाराज ने कहा कि झारखंड में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस संकल्प को जमीन पर उतरने के लिए प्रतिबद्ध है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top