झंडा मैदान में अंतरराष्ट्रीय योग शिविर का आयोजन
कई स्थानों पर आयोजित हुए भव्य योग शिविर
डीजे न्यूज गिरिडीह : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को गिरिडीह जिले में विभिन्न संस्थानों, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थाओं द्वारा योग शिविरों का आयोजन किया गया। जिले के अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
झंडा मैदान में भारत स्वाभिमान के तत्वावधान में आयोजित योग शिविर में जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह, संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह, मुख्य संरक्षक डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया एवं सोनी शाह ने योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, पतंजलि परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
राज्य यूनानी मेडिकल कॉलेज, रानी खाबा में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। योग प्रशिक्षक पुष्पा शक्ति एवं नवनीत कुमार उपाध्याय ने योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। साथ ही योग और आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया।
योग शिक्षिका पुष्पा शक्ति ने कहा कि योग और आयुर्वेद को जीवन का हिस्सा बनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। वहीं नवनीत कुमार उपाध्याय ने ऋतु के अनुसार संतुलित आहार और फलों के सेवन की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन एक घंटे योग करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में मुखिया, कौशल विकास केंद्र के प्रधानाचार्य, सीएचओ डॉ. फरहत, जिला मेडिकल ऑफिसर डॉ. गुलाम मुस्तफा अंसारी, आयुष विभाग के कृष्ण मुरारी शर्मा, गणेश यादव, ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। डॉ. अंसारी ने बताया कि आयुष विभाग नियमित रूप से योग जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी और सिद्ध चिकित्सा पद्धति के तहत निःशुल्क परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध करा रहा है।
इसके अलावा स्नेह दीप वृद्धाश्रम में रेखा तर्व एवं प्रमिला सिन्हा ने वृद्धजनों को योगाभ्यास कराया। वहीं श्री आर.के. महिला कॉलेज में सहयोगी शिक्षिका लक्ष्मी छाया एवं सुपर्णा मुखर्जी के नेतृत्व में छात्राओं, शिक्षकों और प्राचार्य ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।