झाड़ू-लाठी-डंडे के साथ सड़क पर उतरी महिलाएं
राजगंज-सिजुआ सड़क मार्ग को वेस्ट मोदीडीह मोड़ के पास किया जाम
अवैध कोयला खनन की रोकथाम करने की है मांग
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बीसीसीएल के वेस्ट मोदीडीह कोलियरी अंर्तगत तेतुलमारी हरिजन बस्ती के निवासी अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ सड़क पर उतर आए। अवैध कोयला खनन की जानकारी बीसीसीएल, पुलिस-प्रशासन को जानकारी देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिलाओं ने झाड़ू , लाठी और डंडा के साथ सोमवार को राजगंज-सिजुआ मार्ग को वेस्ट मोदीडीह मोड़ के पास जाम कर दिया। महिलाओं ने बीसीसीएल प्रबंधन, स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन जारी है, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रशासन और बीसीसीएल कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उनका कहना था कि कई बार कोलियरी प्रबंधन, क्षेत्रीय कार्यालय , प्रखंड कार्यालय और पुलिस को लिखित व मौखिक शिकायत दी गई, परंतु एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर मामले को टाल दिया गया। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक, सांसद, मेयर और पार्षद को भी समस्या से अवगत कराया था लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
महिलाओं ने बताया कि कुछ दिन पहले मेयर से शिकायत के बाद खानापूर्ति के तौर पर अवैध माइंस की भराई कराई गई थी, लेकिन बाद में फिर से माइंस खोलकर अवैध उत्खनन शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार रात में अवैध खनन के दौरान ब्लास्टिंग की जाती है, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। लोगों ने सुरक्षित स्थान पर विस्थापन और मूलभूत सुविधाओं की मांग की।
करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर लगभग दो किलोमीटर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पाकर तेतुलमारी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने तत्काल अवैध माइंस भराई कराने का आश्वासन दिया तथा विस्थापन संबंधी मांगों को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन से वार्ता करने की बात कही, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका।