जेपीएससी-जेएसएससी में अनियमितता के खिलाफ अभाविप ने किया विधानसभा घेराव
कतरास के छात्र नेता शुभम हजारी गिरफ्तार
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में पेपर लीक एवं परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मंगलवार को विधानसभा घेराव किया। इस कार्यक्रम में झारखंड के सभी 24 जिलों से एक-एक कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी शामिल होने के लिए रांची पहुंचे थे।
विद्यार्थियों के भविष्य एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर आयोजित घेराव के दौरान पुलिस ने परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश मंत्री सहित कई कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को गिरफ्तार किया।
कतरास के छात्र नेता एवं प्रादेशिक विश्वविद्यालय सह-संयोजक शुभम हजारी को भी रांची पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। शुभम हजारी विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं और परिषद के कार्यक्रम में विद्यार्थियों के प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए थे।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। संगठन ने परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के हितों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संगठन अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा। जब तक परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं विद्यार्थियों को न्याय सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।