इंदिरा गांधी के आदर्शों पर चलकर देश में सद्भाव और एकता कायम करना ही सच्ची श्रद्धांजलि : सतीश केडिया

इंदिरा गांधी के आदर्शों पर चलकर देश में सद्भाव और एकता कायम करना ही सच्ची श्रद्धांजलि : सतीश केडिया

जिला कांग्रेस कार्यालय में धूमधाम से मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को देश की प्रथम एवं अब तक की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उनके व्यक्तित्व, संघर्षपूर्ण जीवन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया।

मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने देश विरोधी ताकतों के खिलाफ दृढ़ता से लड़ाई लड़ी और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को नई पहचान दिलाई। उनकी गुटनिरपेक्ष नीति ने विश्व राजनीति में भारत को एक अलग स्थान दिलाया। उनके कुशल नेतृत्व में 1971 के युद्ध के दौरान पाकिस्तान को करारी शिकस्त मिली और दुनिया के नक्शे पर एक नए राष्ट्र बांग्लादेश का उदय हुआ। पाकिस्तानी सेना का आत्मसमर्पण आज भी विश्व इतिहास की बड़ी सैन्य घटनाओं में गिना जाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए यह गर्व की बात है कि उन्हें इंदिरा गांधी जैसी मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता के आदर्शों पर चलने का अवसर मिला। वर्तमान समय में देश में जिस तरह नफरत, असहिष्णुता और वैमनस्य का माहौल बनाने की कोशिश हो रही है, ऐसे में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इंदिरा गांधी के विचारों और आदर्शों को अपनाकर देश में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और एकता को मजबूत करें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से निजामुद्दीन, लड्डू खान, अशोक विश्वकर्मा, धनंजय सिंह, सरफराज अंसारी, मुख्तार, बेलाल अहमद हुसैनी, सुदामा राम, विनीत भास्कर, रियाज आलम, मनीर, शाहनवाज आलम, संतोष वर्मा, अवैश अहमद, एहसान और सूरज सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top