हुसैनाबाद स्कूल में पृथ्वी दिवस, वीर कुंवर सिंह जयंती व विश्व पुस्तक दिवस पर जागरूकता अभियान
शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर किया विरोध
डीजे न्यूज, हुसैनाबाद (पलामू) : गुरुवार को रामवि हुसैनाबाद, पलामू परिसर में आयोजित नियमित प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को पृथ्वी दिवस, वीर कुंवर सिंह जयंती (विजयोत्सव) तथा विश्व पुस्तक एवं कॉपीराइट दिवस के महत्व से अवगत कराया गया। इस अवसर पर प्रार्थना, राष्ट्रगान, राष्ट्रीय गीत, संविधान की प्रस्तावना का वाचन, स्वच्छता संकल्प एवं जेसीईआरटी द्वारा प्रेषित शैक्षणिक सामग्री का पाठ भी किया गया।
पृथ्वी संरक्षण और वीरता की गाथा पर जोर
कार्यक्रम में पृथ्वी दिवस के संदर्भ में बढ़ते तापमान, ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय संकटों पर चिंता व्यक्त करते हुए पेड़ लगाने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा वैकल्पिक ईंधन अपनाने की अपील की गई। साथ ही 23 अप्रैल 1858 को अंग्रेजों के खिलाफ अंतिम युद्ध लड़ने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया गया। बताया गया कि 80 वर्ष की आयु में भी उन्होंने अंग्रेजों से लोहा लिया और अपने पराक्रम से इतिहास में अमर हो गए।
क्विज व शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन
वीर कुंवर सिंह जयंती के अवसर पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 27 प्रश्न पूछे गए। अधिकांश प्रतिभागियों ने शत-प्रतिशत अंक हासिल किए। प्रश्नों का निर्माण शिक्षिका सुषमा पांडेय ने किया, जबकि मूल्यांकन शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने किया।
इसी दौरान अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर विद्यालय के शिक्षकों ने लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर काला बिल्ला लगाकर शैक्षणिक कार्य किया। ज्ञात हो कि सहायक आचार्यों का वेतन पिछले नौ महीनों से लंबित है, जिसके विरोध में यह आंदोलन शुरू किया गया है।
कार्यक्रम में एचएम कन्हैया प्रसाद, राजेश कुमार गुप्ता, सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, पूनम कुमारी, रश्मि प्रकाश एवं कम्प्यूटर शिक्षक प्रमोद मेहता उपस्थित रहे।