हर पात्र मतदाता तक पहुंचे सही जानकारी : आयुक्त
हेल्पलाइन केंद्र का लिया जायजा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता तक सही जानकारी और त्वरित सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित वोटर हेल्पलाइन एवं मतदाता सहायता केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को मतदाताओं को समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त स्वयं हेल्पलाइन केंद्र पर बैठे और मतदाताओं से प्राप्त कॉल, शिकायतों के निस्तारण, उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा SIR से संबंधित मार्गदर्शन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कोई भी मतदाता जानकारी के अभाव में इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने आयुक्त को जिले में चल रहे SIR अभियान की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण, हेल्पलाइन के माध्यम से दी जा रही सहायता, प्राप्त शिकायतों के निस्तारण तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर सूचना और आवश्यक सहयोग पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने नागरिकों से निर्वाचन आयोग की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1950 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हेल्पलाइन सेवा को और अधिक उत्तरदायी, जनसुलभ एवं प्रभावी बनाया जाए, ताकि प्रत्येक मतदाता की जिज्ञासा और शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान हो सके।
उन्होंने लोगों से समय पर गणना प्रपत्र भरकर शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में जिला प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।