हाईवे पर आवारा पशु दिखें तो तुरंत 1033 पर करें कॉल, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की NHAI की पहल

हाईवे पर आवारा पशु दिखें तो तुरंत 1033 पर करें कॉल, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की NHAI की पहल

वाहन चालकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील, सूचना मिलते ही कार्रवाई करेगी NHAI की टीम

डीजे न्यूज, रांची : राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से विशेष अपील की है। प्राधिकरण ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कहीं भी आवारा पशु या अन्य जानवर दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबर **1033** पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

NHAI के अनुसार, राजमार्गों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकती है। विशेषकर तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक पशुओं के आ जाने से गंभीर हादसे होने की आशंका रहती है। ऐसे में पशुओं की मौजूदगी की समय पर जानकारी मिलने से संबंधित अधिकारियों और NHAI की टीम को त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

इस संबंध में NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन सकती है। इसे रोकने के लिए वाहन चालकों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील की कि राजमार्ग पर आवारा पशु दिखाई देने पर बिना देर किए 1033 पर सूचना दें।

NHAI ने लोगों से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक और सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक सहयोग से ही राजमार्गों पर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top