बारामुड़ी खटाल मामला : ददई दुबे के कार्यों से सीख लें ढुलू महतो : मनोज महतो
गरीबों के आशियाने बचाने के लिए सांसद आगे आएं, सिर्फ आश्वासन और फोटो खिंचवाने से नहीं निकलेगा समाधान
डीजे न्यूज, धनबाद : बारामुड़ी खटाल के विस्थापन का मामला लगातार चर्चा में है। प्रदेश कांग्रेस के सचिव व अधिवक्ता मनोज कुमार यादव ने इस मुद्दे पर सांसद ढुलू महतो से गरीब परिवारों के हित में ठोस और निर्णायक पहल करने की मांग की है।
मनोज यादव ने कहा है कि केवल आश्वासन देना, बयानबाजी करना और उपायुक्त के साथ फोटो खिंचवाना पर्याप्त नहीं है। सांसद को अपनी सक्रियता का प्रमाण धरातल पर काम करके देना चाहिए।
मामले को उठाते हुए कहा गया कि बारामुड़ी खटाल, पांडरपाला समेत धनबाद के कई इलाकों में गरीब परिवारों के घरों पर विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है। बारामुड़ी खटाल में लोग पिछले 21 वर्षों से अपने परिवार और मवेशियों के साथ रह रहे हैं। ऐसे में बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था और पुनर्वास की ठोस योजना के उन्हें हटाना उनके सामने रोजी-रोटी और आवास का गंभीर संकट खड़ा कर सकता है।
सांसद ढुलू महतो को पूर्व सांसद स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के कार्यों से सीख लेने की सलाह देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा होना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना है। जनता को केवल मंचीय भाषणों और तस्वीरों से राहत नहीं मिलने वाली है।
सांसद से मांग की गई कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करें और गरीब परिवारों के आशियाने बचाने के लिए ठोस समाधान निकालें। जनता अब आश्वासन नहीं, अपने घरों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर ठोस कार्रवाई चाहती है।