गुमगी बाईपास में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लाखों की चोरी, पांच फ्रिज सड़क पर छोड़ गए चोर

गुमगी बाईपास में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लाखों की चोरी, पांच फ्रिज सड़क पर छोड़ गए चोर

डीजे न्यूज, तिसरी/गिरिडीह : जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुमगी बाईपास स्थित विशाल इंटरप्राइजेज नामक टीवी-फ्रिज की दुकान में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

बताया जाता है कि घटना रविवार की देर रात की है। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब दस लाख रुपये की कीमत के टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिए। चोरी का सामान ले जाने के लिए चोर वाहन का इस्तेमाल कर रहे थे।

चोरी के दौरान वाहन भर जाने के कारण चोरों ने पांच फ्रिज दुकान के बाहर ही छोड़ दिए। सुबह स्थानीय लोगों की नजर दुकान के बाहर पड़े फ्रिज पर पड़ी। इसके बाद इसकी जानकारी दुकान मालिक गुमगी निवासी प्रदीप गुप्ता को दी गई।

सूचना मिलते ही प्रदीप गुप्ता दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर देखा तो दुकान से कई इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

इधर घटना की सूचना मिलने पर तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच के दौरान दुकान के समीप से रॉयल स्टैग शराब की एक बोतल भी बरामद की है।

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर चोरों का सुराग लगाने में जुटी है। दुकान से चोरी गए सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top