गुणवत्तापूर्ण तथा तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने शुक्रवार को कलियासोल प्रखंड का दौरा किया। उन्होंने डीएमएफटी एवं 15वें वित्त आयोग से संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
इस क्रम में कलियासोल में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण हेतु चयनित स्थल का निरीक्षण जिला खेल पदाधिकारी के साथ किया तथा स्टेडियम के डीपीआर पर विस्तृत चर्चा की।
सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कनीय अभियंता को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। वहीं पीएनकेएन उच्च विद्यालय में कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित एजेंसी को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
डीएमएफटी योजना के अंतर्गत चल रहे तालाब जीर्णोद्धार कार्यों का भी निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पिंड्राहाट पंचायत भवन का निरीक्षण भी किया गया। पंचायत भवन में संचालित होने वाले ज्ञान केंद्र हेतु एक समिति के गठन का निर्देश दिया गया। साथ ही हेडमास्टर, कनीय अभियंता, विद्यालय शिक्षक, पंचायत सचिव, एमओआइसी एवं सीएचओ द्वारा प्रतिदिन कक्षाएं संचालित करने को कहा गया।
पंचायत सचिव एवं वीएलई को निर्देशित किया गया कि जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र एवं विवाह प्रमाण पत्र पंचायत कार्यालय से ही निर्गत किए जाएं। साथ ही आजीविका दीदियों की बैठकों हेतु पंचायत भवन में स्थान उपलब्ध कराने को कहा गया।
पिंड्राहाट मुखिया के साथ पंचायत में 15वें वित्त आयोग से संचालित विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। साउथ जोन डब्लूटीपी निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसी को कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी जय प्रकाश नारायण, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, डीएमएफटी टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत अन्य मौजूद रहे।