गोविंदपुर में लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

गोविंदपुर में लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार के दूसरे वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय में समारोह आयोजित कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के तीन महिला स्वयं सहायता समूहों को छह-छह लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना एवं अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को स्वीकृति पत्र सौंपे गए।

जेएसएलपीएस के बेली आजीविका सखी मंडल, जय श्री राम आजीविका सखी मंडल एवं राजमाता आजीविका सखी मंडल को छह-छह लाख रुपये के चेक दिए गए। इस तरह तीनों महिला समूहों के बीच कुल 18 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। इसके अलावा 24 लाभुकों के बीच साइकिल का वितरण किया गया। दिव्यांग लाभुकों को ट्राई साइकिल तथा एक लाभुक को व्हीलचेयर प्रदान की गई। वहीं, तीन लाभुकों को कान की मशीन दी गई।

कार्यक्रम के दौरान मिथिला देवी (छोटा जमुआ), रोहणी देवी (तिलैया), तनु देवी (आमटाड़), जगदीश रजक एवं वासु महतो (गोरगा) को मुफ्त मसूर बीज वितरित किया गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी जहीर आलम ने कहा कि गोविंदपुर प्रखंड प्रशासन विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पूरी तरह लागू किया जा रहा है। गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है और जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ देने की दिशा में प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर सीडीपीओ, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी उदित कुमार महतो, विधान चंद्र मांझी, सहायक अभियंता अरुण कुमार सिंह, कृषि पदाधिकारी जसीम अख्तर, प्रधान सहायक अब्दुल मजीद समेत विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top