सूर्य सिंह बेसरा पर जानलेवा हमले के विरोध में झारखंड आंदोलनकारियों का धरना
सीबीआई जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और बेसरा को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की मांग
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड आंदोलन के पुरोधा एवं पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर जमशेदपुर में हुए जानलेवा हमले के विरोध में बुधवार को झारखंड आंदोलनकारियों ने रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। 17 नवंबर को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में टाटा स्टील फाउंडेशन के आदिवासी कार्यक्रम के दौरान हुए इस हमले को लेकर आंदोलनकारियों में भारी आक्रोश है। आंदोलनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे सुनियोजित साजिश करार दिया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग की।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमोद चौरसिया ने की, जबकि संचालन जितेंद्र नाथ महतो ने किया। मुख्य अतिथि झारखंड आंदोलनकारी शंकर किशोर महतो तथा विशिष्ट अतिथि शिवशंकर शर्मा उपस्थित थे।
धरने के माध्यम से आंदोलनकारियों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम उपायुक्त के माध्यम से मांग-पत्र सौंपा। इसमें सूर्य सिंह बेसरा पर हुए जानलेवा हमले की सीबीआई जांच कराने, घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा सूर्य सिंह बेसरा और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। आंदोलनकारियों ने झारखंड सरकार से बेसरा को तत्काल सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।
वक्ताओं ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा झारखंड आंदोलन के महानायक और राज्य की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्व हैं। उन पर हुआ हमला अत्यंत गंभीर मामला है। राज्य सरकार को उनकी सुरक्षा के प्रति विशेष संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
धरना कार्यक्रम में रतिलाल महतो, कुल्लू चौधरी, दयाल महतो, विनोद महतो, संतोष कुशवाहा, पारस प्रसाद, बबलू अंसारी, श्याम सुंदर सिन्हा, सुभाष चंद्र महतो, सकलदेव राय, रमेश सिंह चौधरी, आसिम अंसारी, मोहम्मद कुद्दुस अंसारी, मोहम्मद सोहेल अंसारी, मुरारी महतो एवं सुरेश महतो सहित बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित थे।