
गिरिडीह सदर प्रखंड में कलश यात्रा के साथ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित मंदिर में मां पार्वती, भगवान गणेश, भगवान कार्तिक और नंदी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर 101 महिलाओं ने सिरसिया स्थित उसरी नदी से पवित्र जल भरकर मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश की स्थापना की।
गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे प्रखंड कार्यालय परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की भागीदारी
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, उपनगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक, डीटीओ शैलेश प्रियदर्शी, सीओ सदर मो. असलम, बीडीओ सदर गणेश रजक और जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी का विशेष योगदान रहा।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन
महोत्सव में पुजारी नकुल पाठक और आचार्य हेमंत पाठक ने वैदिक विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा और पूजन कार्य संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की सफलता में समिति की अहम भूमिका
तीन दिवसीय इस प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को सफल बनाने में विश्वकर्मा ठाकुर, मिथलेश कुमार सिंह, आशुतोष पांडे, टुनटुन कुमार राय, शहवाल शांडिल्य, कौशल अपु, राजीव सिंह, मनोज कुमार सहित कई कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और आयोजकों ने सभी से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।