गिरिडीह में तेज रफ्तार पिकअप वैन ने पल्सर को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत
एक की मौके पर मौत तो दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित चंद्रवंशी नगर के पास शनिवार की दोपहर करीब एक बजे मालवाहक पिकअप वैन और पल्सर बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत हो गई। फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है। हालांकि दोनों युवकों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक पर सवार दोनों युवक गिरिडीह कॉलेज की ओर से शहर की ओर जा रहे थे, जबकि मालवाहक पिकअप वैन गिरिडीह से बेंगाबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई।बताया गया कि घटना के बाद लोगों ने पिकअप वैन को पकड़ने के लिए दौड़ लगाई, इस दौरान कुछ दूरी पर चालक वैन छोड़कर फरार हो गया।