
गिरिडीह में राष्ट्रीय लोक अदालत : 45402 मामलों का निष्पादन, तीन करोड़ से अधिक की सुलहनीय राशि
न्यायालय में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उमड़ी भीड़, आमजनों को मिली राहत
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के व्यवहार न्यायालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 45402 मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें 3 करोड़ 15 लाख 16 हजार 81 रुपये की सुलहनीय राशि प्राप्त हुई।
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह मार्तंड प्रताप मिश्रा, कुटुंब न्यायाधीश धनंजय कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम मनोज चन्द्र झा, पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार व सचिव जिला अधिवक्ता संघ चुनुकांत ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर उपस्थित आमजनों एवं पक्षकारों को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मार्तंड प्रताप मिश्रा ने कहा कि आज के इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आप सभी पक्षकारगण अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने के लिए इस प्रांगण में उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आपको सस्ता, सुलभ एवं त्वरित न्याय प्रदान करने हेतु नालसा, नई दिल्ली के निर्देश पर पूरे देश में आज के दिन किया जा रहा है।
राष्ट्रीय लोक अदालत की महत्ता
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष ने कहा कि लोक अदालत में आपके आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निष्पादन होने की वजह से सामान्य परिस्थितियों में इसमें अपील नहीं होती है। इस कारण से दोनों पक्षकारों के बीच के विवाद को स्थाई रूप से खत्म किया जा सकता है। राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजनों से पक्षकारों को अपने मामलों में त्वरित निष्पादन का लाभ तो मिलता ही है, साथ ही साथ न्यायालय का बोझ भी कम होता है।
पुलिस अधीक्षक का संबोधन
पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन भी न्यायपालिका के साथ तालमेल स्थापित कर हर संभव मदद करने के लिए तत्पर है।
सचिव जिला अधिवक्ता संघ का संबोधन
जिला अधिवक्ता संघ, गिरिडीह के सचिव चुनुकांत ने भी संबोधित करते हुए आज के इस राष्ट्रीय लोक अदालत के विशेषता एवं महत्ता पर प्रकाश डाला एवं आम पक्षकारों को आह्वान किया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर अपने मामलों का निष्पादन करा कर खुशी-खुशी अपने घर की ओर जाएं तथा समाज में सौहार्द एवं अमन का वातावरण बनाए रखें।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह की सचिव सफदर अली नैयर ने किया। उन्होंने बताया कि आज इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु कुल 13 पीठों का गठन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष के द्वारा किया गया है। आमजनों एवं पक्षकारों को मदद करने तथा पीठ में निष्पादित किए जाने वाले वादों की सूचना हेतु सभी पीठों में न्यायिक कर्मचारियों एवं पारा लीगल वॉलिंटियर्स की प्रतिनियुक्ति की गई है।
निष्पादित मामले
आज के इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 45402 मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें कुल 3 करोड़ 15 लाख 16 हजार 81 रुपये की सुलहनीय राशि संबंधित पक्षकारों को तथा राजस्व के रूप में विभिन्न विभागों को प्राप्त हुआ है।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
कार्यक्रम में गिरिडीह न्याय मंडल के सभी न्यायाधीशगण, जिला प्रशासन की ओर से सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, सभी अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारी गण उपस्थित थे।