गिरिडीह में मानव तस्करी और देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश, दो नाबालिग लड़कियां मुक्त, महिला समेत तीन गिरफ्तार

Advertisements

गिरिडीह में मानव तस्करी और देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश, दो नाबालिग लड़कियां मुक्त, महिला समेत तीन गिरफ्तार

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस ने पचम्बा थाना क्षेत्र के बोडो इलाके में चल रहे कथित देह व्यापार और मानव तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की छापेमारी में दो नाबालिग लड़कियों को भी मुक्त कराया गया, जिन्हें कथित रूप से डरा-धमकाकर और मारपीट कर इस धंधे में धकेला जा रहा था।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को गुप्त सूचना मिली थी कि बोडो स्थित एक किराये के मकान में नाबालिग लड़कियों से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया तथा मौके से एक महिला को हिरासत में लिया गया। पीड़ित लड़कियों ने पुलिस को बताया कि क्रांति देवी नामक महिला उन्हें डरा-धमकाकर और मारपीट कर देह व्यापार करने के लिए मजबूर करती थी।

पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले में आगे कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए एक चारपहिया वाहन को जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में बलिया बेड़ा निवासी क्रांति देवी, अहारडीह निवासी मो. तौफिक अंसारी तथा घाटाकुल निवासी मुशरफ अंसारी शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top