गांधी जयंती पर पूर्वी टुंडी के सभी पंचायत सचिवालयों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन

गांधी जयंती पर पूर्वी टुंडी के सभी पंचायत सचिवालयों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूर्वी टुंडी प्रखंड की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा से पूर्व लटानी पंचायत सचिवालय में महात्मा गांधी की तस्वीर पर बीडीओ बाल किशोर महतो, सीओ सुरेश प्रसाद वर्णवाल, मुखिया मो ऐनुल हक, बीपीओ दिपक कुमार दां समेत मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद आयोजित विशेष ग्राम सभा में पंचायत की विभिन्न विकास योजनाओं एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए पंचायत की योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की। बीडीओ तथा सीओ ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ सभी जरुरतमंदों तक पहुंचे इसके लिए मुखिया व पंचायत सचिव आवश्यक खाका तैयार करें। योजना चयन करने में किसी भी प्रकार का भेद-भाव नहीं बरतने की सलाह दी। मैरानवाटांड़ पंचायत सचिवालय में मुखिया खोमा मोदक, बिपिन दां समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं मोहलीडीह पंचायत सचिवालय में मुखिया बुलु देवी, संतलाल बाबा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्राम सभाओं में पंचायत के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर परिचर्चा की गई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top