फरार प्रेमी युगल पुलिस के दबाव पर पहुंचे थाना, पुलिस और प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप से विवाह
डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद) : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सहराज ग्राम पंचायत अंतर्गत रामपुर दक्षिणबाद निवासी लखीकांत भंडारी का विवाह सामाजिक पहल पर सोमवार को वाणी मंदिर गोविंदपुर में हुआ। भंडारी का प्रेम प्रसंग गोविंदपुर थाना क्षेत्र के ही महुबनी 2 पंचायत अंतर्गत महुबनी गांव की रहने वाली एक युवती से चल रहा था। दोनों बालिग तथा एक ही बिरादरी के हैं। शनिवार को दोनों घर से भाग कर कर्माटांड़ गांव पहुंच गए थे। इधर लड़की जब रात 10 बजे तक घर नहीं पहुंची तो परिवार वाले चिंतित हो गए और गोविंदपुर थाना को सूचना दी। इसके बाद गोविंदपुर पुलिस भी सक्रिय हुई। पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत ने मामले को गंभीरता से लेकर दोनों पर दबाव बनाया। पुलिस के दबाव में प्रेमी एवं प्रेमिका रविवार शाम गोविंदपुर थाना पहुंचे। फिर पुलिस ने दोनों के परिजनों को भी सूचना दी। परिवार वालों के पहुंचने और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने पहल की और दोनों के बालिग होने पर मंदिर में विवाह कर देने पर सहमति बनी। इसके बाद दोनों का विवाह गोविंदपुर वाणी मंदिर में करा दिया गया। इसके बाद लखीकांत भंडारी अपनी नव विवाहिता के साथ दक्षिणवाद सहराज चला गया। इस प्रेम विवाह को विधिवत विवाह का रूप देने में शंकर मंडल, कृष्णा महतो, उज्जवल लायक, निर्मल मंडल आदि का योगदान रहा।