एसडीएम ने बेकारबांध छठ घाट का किया निरीक्षण, साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

एसडीएम ने बेकारबांध छठ घाट का किया निरीक्षण, साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: लोक आस्था के महापर्व छठ तथा ‘Run For Cleanliness’ कार्यक्रम के मद्देनजर सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) लोकेश बारंगे ने बेकारबांध छठ घाट और आसपास के क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने छठ घाट की वर्तमान स्थिति, साफ-सफाई की व्यवस्था, पहुंच पथ और श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों और नगर निगम के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पर्व से पूर्व घाट परिसर और तालाब के जल की समुचित साफ-सफाई तथा ब्लीचिंग पाउडर आदि का छिड़काव हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

इसके अतिरिक्त, भीड़ और यातायात सुगमता को ध्यान में रखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने बेकारबांध की ओर आने-जाने वाली सड़कों के किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मार्ग में किसी भी प्रकार का अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के लिए घाट तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो।

उन्होंने सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) और बैरिकेडिंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का आदेश दिया।

मौके पर एसडीएम लोकेश बारंगे, अंचल अधिकारी राम प्रवेश कुमार समेत नगर निगम के पदाधिकारी तथा कर्मी मौजूद रहें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top