दुर्गा के बेहतरीन ऑलराउंडर खेल से डीसीए ब्लू फाइनल में
शनिवार को ग्रीन से भिड़ेंगी ब्लू
डीजे न्यूज, धनबाद: दुर्गा मुर्मू के बेहतरीन आलराउंड प्रदर्शन की मदद से डीसीए ब्लू ने इमेजिका डायग्नोस्टिक चैंपियंस लीग (महिला) के अंतिम लीग मैच में डीसीए ग्रीन को पांच विकेट से हरा दिया। इस जीत से डीसीए ब्लू की टीम अंक तालिका में टाप पर रही। हार के बावजूद डीसीए ग्रीन दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश करने में सफल रही। अब शनिवार को होने वाले फाइनल में एक बार फिर यही दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।
टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए इस मैच में डीसीए ग्रीन ने टास जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 132 रन बनाए। अंजली सोरेन ने 56 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं अंकिता मौर्य ने 34 रन बनाए। डीसीए ब्लू के लिए अर्पिता लायक ने 38 पर दो विकेट लिए। दुर्गा मुर्मू, सानिया परवीन और वृष्टि कुमारी को एक-एक विकेट मिला। बाद में डीसीए ब्लू ने 19 ओवर में पांच विकेट पर 133 रन बना मैच जीत लिया। दुर्गा मुर्मू ने 69, अनीशा सिंह ने 23 और वृष्टि ने नाबाद 23 रन बनाए। ग्रीन टीम के लिए अंकिता मौर्य, नेहा साव, संस्कृति और ममता महतो ने एक-एक विकेट लिए। दुर्गा मुर्मू को प्लेयर आफ द मैच चुना गया।
डीसीए येलो ने डीसीए रेड को आठ विकेट से हराया
वहीं दिन के पहले मैच में डीसीए येलो ने डीसीए रेड को आठ विकेट से हरा दिया। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करती हुई डीसीए रेड की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 75 रन बना सकी। तरूणा कुमारी ने 19, शिफा हसन ने 16 और लक्ष्मी पूर्ति ने 11 रन बनाए। खुशी कुमारी ने 21 पर दो, रूमा कुमारी महतो ने नौ पर दो और कुमारी खुशी ने नौ पर एक विकेट लिए। बाद में डीसीए येलो ने कुमारी खुशी के अविजित 37 और रूमा कुमारी महतो के 24 रनों की मदद से 17.3 ओवर में दो विकेट पर 79 रन बनाकर मैच जीत लिया। हनी प्रसाद ने 17 रन पर एक विकेट लिए। कुमारी खुशी ने प्लेयर आफ द मैच चुनी गईं।