दुकान का शटर तोड़कर नगदी समेत हजारों की संपत्ति चोरी
डीजे न्यूज, बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र के कुसमाटांड़ वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास रानी रोड के किनारे स्थित मंडल मार्केट में संचालित ओंम किराना भंडार का शटर तोड़कर सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने नगदी समेत हजारों रुपए मूल्य के सामानों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों की करतूत सीसीटीवी में कैद है। मंगलवार की सुबह दुकानदार तरुण कुमार अग्रवाल जब अपनी दुकान पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात की। भुक्तभोगी दुकानदार ने बताया कि दुकान का शटर नीचे से टूटा हुआ था और अंदर सामान अस्त व्यस्त था। चोरी गए सामानों में सरसों तेल के पैकेट (जिसमें 30 किलो सरसों तेल), कीमती साबुन के पैकेट, काजू ,किशमिश ,पारस कंपनी के घी, बदाम ,चॉकलेट के अलावा दुकान के ड्राइर में रखा करीब साढ़े पांच हजार रुपए गायब थे। चोरी गए सामानों की कीमत करीब 40 हजार आंकी गयी है। मालूम हो कि इसके पूर्व उक्त मार्केट के बगल स्थित एक मुढ़ी फैक्ट्री एवं अगल-बगल चोरी की कई घटनाएं घट चुकी है।