अजाप्ता हुसैनाबाद की पहल से 125 शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं में वेतन इन्क्रीमेंट अंकित

अजाप्ता हुसैनाबाद की पहल से 125 शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं में वेतन इन्क्रीमेंट अंकित

बारिश के बीच डाल्टनगंज पहुंच पूरी कराई विभागीय प्रक्रिया

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद (पलामू): अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ (अजाप्टा) हुसैनाबाद प्रखंड इकाई ने एक बार फिर शिक्षकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रखंड इकाई के सचिव निर्मल कुमार एवं विभागीय नियमों की गहन जानकारी रखने वाले अनुभवी शिक्षक जितेंद्र जी के नेतृत्व में शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं में वार्षिक वेतन इन्क्रीमेंट अंकित कराने की प्रक्रिया दक्षतापूर्वक संपन्न कराई गई।

ज्ञातव्य है कि अधिकांश शिक्षकों का वार्षिक वेतन इन्क्रीमेंट जुलाई माह में निर्धारित होता है। इसी के मद्देनजर संघ की ओर से विशेष कैंप लगाकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं। वर्षों से यह महत्वपूर्ण दायित्व अजाप्टा हुसैनाबाद पूरी निष्ठा के साथ निभाता आ रहा है। सेवा पुस्तिका में इन्क्रीमेंट अंकित करने के बाद संबंधित पदाधिकारियों से सत्यापन कराने के लिए प्रखंड से लगभग 80 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय डाल्टनगंज जाना पड़ता है। उम्र के इस पड़ाव में यह कार्य चुनौतीपूर्ण अवश्य है, लेकिन संघ के पदाधिकारी इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभा रहे हैं।

बारिश के बीच भी सोमवार को लगभग 125 शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाएं लेकर प्रखंड सचिव निर्मल कुमार, धुरेंद्र पटेल एवं जितेंद्र प्रसाद डाल्टनगंज पहुंचे। वहां अजाप्टा के जिला महासचिव अमरेश कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी नागेंद्र सिंह द्वारा सभी सेवा पुस्तिकाओं पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि अमरेश कुमार सिंह के प्रयासों से मार्च से जून माह तक के शिक्षकों के वेतन भुगतान का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने अपने एक पोस्ट के माध्यम से कहा है कि यदि जुलाई माह के वेतन भुगतान में किसी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न हुआ तो जोरदार और असरदार आंदोलन किया जाएगा। संगठन की ओर से यह भी बताया गया कि सप्तम वेतन पुनरीक्षण के तहत पे-फिक्सेशन के लिए प्रखंड सचिव निर्मल कुमार ने दर्जनों शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं का संकलन कर प्रखंड स्तर पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं और आगे की विभागीय कार्रवाई के लिए अजाप्टा के जिला अध्यक्ष सुधीर दूबे तथा जिला महासचिव अमरेश कुमार सिंह को सौंपा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला इकाई के कुशल नेतृत्व में लगातार शिक्षकों के हित में नए-नए कार्य किए जा रहे हैं। चाहे वेतन भुगतान का मामला हो, आवंटन का विषय हो या सेवा पुस्तिका से संबंधित विभागीय कार्य, संगठन पूरी दक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है। इतना ही नहीं, संगठन अपने सदस्यों के सुख-दुख में भी परिवार की तरह साथ खड़ा रहता है। इस दौरान वक्ताओं ने कुछ वर्ष पूर्व चैनपुर सेमरा में पदस्थापित शिक्षक गोपाल राम के प्राकृतिक आपदा का शिकार होने की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस कठिन समय में उनके शव की तलाश करने से लेकर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग पहुंचाने तक सुधीर दूबे और अमरेश कुमार सिंह के नेतृत्व में संगठन के अन्य वरिष्ठ साथियों ने जो कार्य किया, वह किसी से छिपा नहीं है। अजाप्ता हुसैनाबाद के डाल्टनगंज पहुंचने की सूचना पर संगठन सचिव राजीव रंजन पांडेय, मनोज द्विवेदी, सुनील उपाध्याय तथा प्रियेश जी भी वहां उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षकों के हित में संगठन की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top