दोपहर 12 से तीन बजे के बीच अनावश्यक घर से बाहर न निकलें

Advertisements

दोपहर 12 से तीन बजे के बीच अनावश्यक घर से बाहर न निकलें

हीट स्ट्रोक से बचने के लिए गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने दिए निर्देश 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भीषण गर्मी एवं लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आमजनों को हीट स्ट्रोक (लू लगने) से बचाव हेतु सतर्क रहने की अपील की गई है। इसी क्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव ने नागरिकों से सावधानी बरतने एवं आवश्यक एहतियात अपनाने का आग्रह किया है। उपायुक्त ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में लापरवाही गंभीर स्वास्थ्य जोखिम उत्पन्न कर सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को “क्या करें और क्या न करें” का पालन अनिवार्य रूप से करना चाहिए। उन्होंने बताया कि समय पर सावधानी अपनाकर हीट स्ट्रोक से होने वाली जटिलताओं से आसानी से बचा जा सकता है।

गर्मी के प्रकोप से बचे रहने के लिए सावधानी बरतने की आवश्यकता

क्या करें

आरामदायक कपड़े पहनें और गर्मी में बाहर निकलें तो बेहतर है कि आप हल्के रंग के ढीले-ढाले और कॉटन के कपड़े पहनें। धूप से बचने के लिए गमछा, टोपी, छाता, धूप का चश्मा इस्तेमाल करें। सफर में अपने साथ पानी रखें। गीले कपड़े को अपने चेहरे सिर व गर्दन पर रखें। अगर तबीयत ठीक न लगे और चक्कर आएं तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। लिक्विड डाइट का ज्यादा सेवन करें और जितना ज्यादा हो सके उतना लिक्विड डायट का प्रयोग करें। जैसे कि ओआरएस, लस्सी, नमक चीनी का घोल, नींबू पानी, छाछ, आम का पना , गन्ने का रस, शिकंजी, नारियल पानी इत्यादि, मौसमी फलों का जैसे खरबूज, तरबूज, आम, ककड़ी का सेवन जरूर करें। ध्यान दें कि शरीर में पानी की कमी न हो। जानवरों को छांव में रखें और उन्हें खूब पानी पीने को दें। अपने घर को ठंडा रखें, पर्दा, शटर आदि का इस्तेमाल करें रात में खिड़कियां खुली रखें। बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

लू के लक्षण (चक्कर, सिरदर्द, कमजोरी, उल्टी) दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

क्या न करें

दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। धूप में खड़े वाहनों में बच्चों एवं पालतू जानवरों को न छोड़े। खाना बनाते समय कमरे की खिड़की एवं दरवाजे बंद न रखें। उच्च प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचें। बासी भोजन न करें। लंबे समय तक बाहर धूप में रहने से बचें। साथ ही गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए धूप से सीधे संपर्क में आने से परहेज करें।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं एवं ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत सूचना पर ही विश्वास करें। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “सावधानी ही सुरक्षा है”, इसलिए सभी लोग गर्मी के इस मौसम में सतर्क रहकर अपने एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top